लाभार्थी पाएंगे बेकरी व्यवसाय का व्यावसायिक एवं व्यावहारिक ज्ञान
गोंदिया : जिले के आमगांव तहसील में अमृत बेकरी प्रशिक्षण बैच का सफल शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण बैच आमगांव के क्रीमी क्रिएशन इन्स्टिट्यूट में प्रारंभ हुआ है, जहाँ आमगांव तहसील की प्रसिद्ध केक शॉप की ओनर दिशा अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवक-युवतियों को बेकरी व्यवसाय का व्यावसायिक एवं व्यावहारिक ज्ञान देकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर प्रेरित करना है। प्रशिक्षण के अंतर्गत केक, पेस्ट्री, ब्रेड, बिस्कुट सहित आधुनिक बेकरी उत्पाद बनाने का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस प्रशिक्षण बैच के प्रति लाभार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मार्गदर्शक दिशा अग्रवाल ने लाभार्थियों को पूर्ण एवं गहन ज्ञान प्रदान कर उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने की गारंटी दी।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में अमृत संस्था के गोंदिया जिला प्रबंधक कार्तिक तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। साथही आकाश चौहान, आदित्य लुलू, अमृतमित्र, एवं मनोज लुलू की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
अमृत संस्था द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण एवं तहसील स्तर के युवाओं के लिए नए व्यवसायिक अवसर सृजित करनेवाला सिद्ध होगा तथा आमगांव तहसील में बेकरी व्यवसाय को नई दिशा प्रदान करेगा, ऐसा विश्वास व्यक्त किया गया।
अमृत संस्था परिचय
महाराष्ट्र संशोधन, उन्नती व प्रशिक्षण प्रबोधिनी अर्थात अमृत महाराष्ट्र शासन की स्वायत्त संस्था है। जिन खुला प्रवर्ग की जातियों को अन्य शासकीय निगमों अथवा महामंडलों का लाभ नहीं मिलता, ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग अमृत का लक्ष्य समूह हैं। वार्षिक आय ₹8 लाख से कम होने पर पात्र व्यक्ति अमृत की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
वेबसाइट :https://mahaamrut.org.in/
Comments 0 Comments
No comments yet
You can start the discussion
Write a Comment